
पटना।
बिहार की सियासत इन दिनों नेतृत्व परिवर्तन और विकास की निरंतरता को लेकर गर्माई हुई है। इसी बीच जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के संपतचक प्रखंड इकाई की ओर से निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाई गई है।
जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह 20 सूत्री समिति के उपाध्यक्ष रंजीत कुमार टप्पु ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सुशासन और विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि “न्याय के साथ विकास” की नीति ने जनता के बीच विश्वास को मजबूत किया है।
रंजीत कुमार टप्पु ने आगे कहा कि निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाकर, नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा सकता है। इससे राज्य में स्थिरता बनी रहेगी और विकास की गति प्रभावित नहीं होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में महिला सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे के विकास की जो मजबूत आधारशिला रखी गई है, उसे आगे बढ़ाने के लिए सक्षम और स्पष्ट नेतृत्व की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने नए नेतृत्व को लेकर जल्द स्पष्टता की जरूरत पर भी जोर दिया।
राजनीतिक गलियारों में इस मांग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और आने वाले समय में इस पर पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
