
धमदाहा/पूर्णिया। चैती छठ महापर्व के अवसर पर धमदाहा प्रखंड का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा है। प्रखंड के लगभग सभी पंचायतों में श्रद्धा, आस्था और परंपरा के साथ यह लोक आस्था का महापर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
मंगलवार को संध्या अर्घ्य के दौरान प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर व्रतियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने विधि-विधान के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज, मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना ने पूरे माहौल को भक्ति में सराबोर कर दिया।
व्रतियों ने भगवान भास्कर से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। घाटों को आकर्षक तरीके से सजाया गया था, जहां रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट ने वातावरण को और भी अलौकिक बना दिया।
वहीं, स्थानीय प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
दीपों की जगमगाहट और छठ गीतों की मधुर ध्वनि के बीच पूरा धमदाहा आस्था और विश्वास के रंग में रंगा नजर आया। हर घाट श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया, जहां भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
