
आरा (भोजपुर):
जिला मुख्यालय में अवैध वसूली के शक में एमवीआई बोर्ड लगे एक वाहन पर सवार दो व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार नवादा थाना क्षेत्र के पूर्वी गुमटी के पास एमवीआई बोर्ड लगे एक वाहन में बैठे कुछ लोग सड़क से गुजर रहे वाहनों की मोबाइल से तस्वीरें ले रहे थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे वाहन चालकों को संदेह हुआ और उन्होंने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी।
बताया जाता है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वाहन चालक आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर उसमें खींची गई तस्वीरों को देखा, जिसमें कई वाहनों की तस्वीरें मिलीं। इससे नाराज लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि कहीं अवैध वसूली या किसी अन्य अनियमित गतिविधि से इसका संबंध तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दोनों संदिग्धों से गहन पूछताछ जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट अनील त्रिपाठी
