
फुलवारी शरीफ। बिहार वेटरिनरी कॉलेज, पटना के प्रांगण में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के बैनर तले एवं प्रथमा ब्लड सेंटर, पटना के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कॉलेज के 99 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन डीन डॉ. पल्लव शेखर, निदेशक आवासीय निर्देश-सह-अधिष्ठाता स्नातकोत्तर शिक्षा डॉ. पंकज कुमार सिंह, मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. भानु प्रसाद चौधरी, एनएसएस समन्वयक डॉ. मनोज कुमार सिंह एवं मुख्य छात्रावास अधीक्षक डॉ. रत्नेश कुमार चौधरी की उपस्थिति में किया गया।

शिविर की शुरुआत जागरूकता कार्यक्रम से हुई, जिसमें 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसके बाद आयोजित रक्तदान शिविर में करीब 160 छात्रों ने स्वास्थ्य जांच कराई, जिनमें से 71 छात्रों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
मुख्य अतिथि प्रो. डॉ. भानु प्रसाद चौधरी ने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है, जो आपातकालीन परिस्थितियों में किसी का जीवन बचा सकता है। उन्होंने छात्रों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
डीन डॉ. पल्लव शेखर ने कहा कि यह आयोजन दर्शाता है कि छात्र शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति भी सजग हैं। वहीं, डॉ. पंकज कुमार सिंह ने रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए सभी रक्तदाताओं का अभिनंदन किया।
शिविर के सफल संचालन में प्रथमा ब्लड सेंटर की टीम—पंकज सिंह बघेल, डॉ. नीरज कुमार निराला एवं विकास रंजन—की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन छात्रावास वार्डन डॉ. सोनी कुमारी ने किया।
कार्यक्रम के अंत में डीन डॉ. पल्लव शेखर ने स्वयं रक्तदान कर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सेवा कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
