पटना में गैस को लेकर मचे हड़कंप के बीच अब बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। जिलाधिकारी, पटना ने साफ शब्दों में कहा है कि शहर में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और जो अफवाहें फैल रही हैं, वे पूरी तरह भ्रामक हैं। प्रशासन ने हालात को नियंत्रण में बताते हुए लोगों से अपील की है कि वे घबराकर बुकिंग न करें और एजेंसियों पर भीड़ न लगाएँ।
जिलाधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में कुल 136 गैस एजेंसियां सक्रिय हैं और 16 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति की जा रही है। अब तक करीब 6.89 लाख बुकिंग हो चुकी है, जबकि प्रतिदिन 35 से 40 हजार बुकिंग दर्ज हो रही है। उन्होंने कहा कि बुकिंग और डिलीवरी की प्रक्रिया पूरी तरह सुचारू है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
प्रशासन के मुताबिक, हाल के दिनों में गैस एजेंसियों पर लगने वाली भीड़ में कमी आई है, जिससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि लोगों में अब पैनिक नहीं है। उपभोक्ता जरूरत के अनुसार ही गैस बुक कर रहे हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है। अधिकारियों द्वारा लगातार जनप्रतिनिधियों, एजेंसियों और आम लोगों से संवाद कर फीडबैक लिया जा रहा है ताकि व्यवस्था और बेहतर हो सके।
इस बीच, घरेलू गैस के दुरुपयोग पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। होटलों, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों के अवैध इस्तेमाल पर लगातार छापेमारी की जा रही है। आज की कार्रवाई में 4 होटल-रेस्टोरेंट सील किए गए हैं और 5 प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहले भी 4 मामलों में केस दर्ज हो चुका है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि ब्लैकमार्केटिंग, जमाखोरी या अधिक दाम वसूलने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के साथ-साथ ESMA कानून के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी समस्या के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 पर संपर्क करें।

ब्यूरो रिपोर्ट