पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो बनाना एक बदमाश को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात बदमाश मंटू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक तलवार बरामद की है।
जानकारी के अनुसार महुली गांव निवासी मंटू का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में वह खुलेआम कट्टा और तलवार लहराते हुए खुद का दबदबा दिखाने की कोशिश करता नजर आ रहा था। वीडियो सामने आते ही इलाके में चर्चा तेज हो गई और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
वीडियो को गंभीरता से लेते हुए परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया और बदमाश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गई।
पुलिस टीम ने रोशन कुमार के नेतृत्व में महुली इलाके में दबिश दी और आरोपी मंटू को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक तलवार बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अजीत कुमार की रिपोर्ट