
पटना जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खगौल थाना क्षेत्र के नैनचक इलाके में पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध ब्राउन शुगर बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ का वजन करीब 5 किलो बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों से लेकर अरबों रुपये तक आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नैनचक में रहने वाला कल्लू पासवान लंबे समय से ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में लिप्त है और उसके घर में बड़ी मात्रा में नशे का जखीरा रखा गया है। इसी सूचना के आधार पर पटना पुलिस की स्पेशल टीम ने शनिवार को उसके घर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग 5 किलो ब्राउन शुगर बरामद कर लिया। इस कार्रवाई में कल्लू पासवान और उसके परिवार के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कल्लू का पुत्र पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) और दानापुर के एएसपी खुद खगौल थाना क्षेत्र के नैनचक पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कल्लू पासवान कई वर्षों से इस अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ था और इलाके में नशे का बड़ा नेटवर्क संचालित कर रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। हालांकि इस मामले में एसएसपी ने अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से इनकार किया है, लेकिन पुलिस सूत्रों का कहना है कि बरामद ब्राउन शुगर की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहद अधिक हो सकती है।
ब्यूरो रिपोर्ट
