पटना जिले में लूटकांड के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। करीब पांच साल से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा आरोपी शनिवार को बिहटा के नेउरा थाना पुलिस के द्वारा हत्थे चढ़ गया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने उसे शाहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव से दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बिहटा थाना क्षेत्र के गोखुलपुर निवासी अमित राज (पिता– सुरेंद्र पासवान) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह वर्ष 2020 में नेउरा थाना क्षेत्र में हुए एक लूटकांड में संलिप्त था और तभी से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लूटकांड में शामिल एक फरार आरोपी मुबारकपुर गांव में छिपकर रह रहा है। सूचना मिलते ही नेउरा थाना की टीम ने तुरंत छापेमारी की और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना लाकर पूछताछ की गई।

नेऊरा थानाध्यक्ष जगदीप राणा

इस पूरे मामले पर नेउरा थानाध्यक्ष जगदीप राणा ने बताया कि
“नेउरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2020 में हुए लूटकांड के मामले में अमित राज नामक अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में लगी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर शाहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी मिल सके। अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस लूटकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट