
पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घर के भीतर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में सास की हत्या का आरोप उसकी ही बहू पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार बताई जा रही है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

मृतका की पहचान साबरा खातून, पति कादिर कुरैशी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि परिवार पहले पटना के राजा बाजार इलाके में वेटरनरी कॉलेज के पास सड़क किनारे रहता था। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद वे लोग फुलवारी शरीफ के ईसापुर में आकर बस गए और यहीं मकान बनाकर रहने लगे।
परिवार के लोगों का आरोप है कि 9 मार्च को घर में अकेली पाकर बहू गुल अफसा खातून ने अपनी सास को कमरे में बुलाकर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद बेलन और अन्य घरेलू सामान से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। बताया जाता है कि मारपीट के दौरान महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया और उन पर मिर्च भी डाल दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गईं।

घटना की जानकारी परिवार को घर में मौजूद पोती से मिली। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पटना एम्स रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी बहू अपने दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गई। बताया जाता है कि उसका मायका पालीगंज के मुस्लिम मोहल्ला में है। पुलिस ने वहां भी छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं लग सकी।
मृतका के परिवार में तीन बेटियां और चार बेटे हैं। बेटे अनवर ने बताया कि वह एक सर्विस सेंटर में काम करता है। मां की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार बहू की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
