
पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब 54 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी रंजन कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गया जिले के टेकारी थाना क्षेत्र के अर्कदीवरीया गांव की रहने वाली सोहानी कुमारी वर्तमान में पटना के इंद्रानगर बैंक कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित लखी मेंशन अपार्टमेंट में रहती हैं। वह ओम स्ट्रक्चर सॉल्यूशन इंडिया लिमिटेड की डायरेक्टर हैं। उन्होंने जक्कनपुर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि जमीन खरीदने के सिलसिले में उनकी मुलाकात न्यू बंगाली टोला निवासी रंजन कुमार गुप्ता से हुई थी।
आरोप है कि रंजन गुप्ता ने 1571 वर्गफीट जमीन देने का भरोसा दिलाकर 30 सितंबर 2022 को आरटीजीएस के जरिए 21 लाख रुपये लिए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में 5 लाख, 9 लाख और 10 लाख रुपये भी ले लिए। लेकिन जमीन देने के बजाय आरोपी ने वही जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी।
पीड़िता के अनुसार बाद में आरोपी ने एक और जमीन दिलाने का भरोसा देकर फरवरी 2023 में फिर 10 लाख रुपये ले लिए। इस तरह जमीन के नाम पर कुल लगभग 55 लाख रुपये ले लिए गए। बाद में आरोपी ने पैसे लौटाने का एकरारनामा और चार चेक दिए तथा 11 लाख रुपये वापस भी किए, लेकिन बाकी रकम देने में लगातार टालमटोल करता रहा।
पीड़िता की शिकायत पर जक्कनपुर थाना में कांड संख्या 470/25 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
