पटना जिले के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रॉपर्टी डीलर की जान चली गई। बोधगमा–बसंत चक रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में 55 वर्षीय शंभू कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल हो गया।
मृतक शंभू कुमार यादव बोधगमा गांव के रहने वाले थे। बताया जाता है कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे और इलाके में काफी मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है।
ग्रामीणों के अनुसार, शंभू कुमार रविवार रात बसंत चक गांव में आयोजित रामायण कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर रात करीब 11 बजे वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घायल बाइक सवार को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं सूचना मिलने पर फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शंभू कुमार सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट