
पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में पुलिस ने मोबाइल चोरी और झपटमारी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बेऊर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जहां पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि मोबाइल झपटमारी की घटनाओं में शामिल कुछ युवक बेऊर गांव के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी की और दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषि कुमार (पिता अरविंद कुमार उर्फ मनोज राम) और विकास कुमार (पिता सुरेश चौहान) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बेऊर गांव, थाना बेऊर, पटना के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से चोरी और झपटमारी किए गए मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया।
इस मामले में बेऊर थाना में कांड दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वे शहर में हुई अन्य झपटमारी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
