
पटना के बेऊर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मध्य निषेध विभाग की टीम ने एक लावारिस लग्जरी कार से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। महावीर कॉलोनी रोड नंबर-15 में खड़ी बलेनो कार से करीब 188 लीटर से अधिक शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 2.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम करीब 4:40 बजे मध्य निषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली कि एक BR09AY 5608 नंबर की बलेनो कार में अंग्रेजी शराब लोड कर महावीर कॉलोनी इलाके में खड़ी की गई है। सूचना मिलते ही निरीक्षक नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम काफी देर तक वाहन के चालक या मालिक का इंतजार करती रही, लेकिन कोई भी वहां नहीं पहुंचा। अधिकारियों का अनुमान है कि तस्करों को पुलिस की भनक लग गई थी, जिसके कारण वे कार को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें से 1046 टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब (लगभग 188.28 लीटर) बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है।
मध्य निषेध विभाग ने कार और शराब को जब्त कर लिया है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस वाहन के मालिक और शराब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
इस छापेमारी अभियान में निरीक्षक नरेन्द्र कुमार के साथ मो. फैसल, मनीष कुमार, एएसआई पुरुषोत्तम तथा सिपाही विवेक, अमरेश और लालचंद भी शामिल थे। मामले की आगे की जांच जारी है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
