
पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में अवैध देसी शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। ट्रेनी आईपीएस सुषमा सागर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ की गई इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में शराब और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुस्तफापुर, उड़ान टोला, छोटी सपहुंआ और खैरा इलाके में जमीन के गड्ढों और झोपड़ीनुमा ठिकानों में छिपाकर अवैध देसी शराब बनाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने इन इलाकों में एक साथ छापेमारी कर कई अड्डों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब एक हजार लीटर अर्धनिर्मित देसी शराब (छोवा) को मौके पर ही नष्ट कर दिया। वहीं 65 लीटर तैयार चुलाई देसी शराब भी बरामद की गई। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले जावा, महुआ, ड्रम, डिब्बे, बर्तन और अन्य उपकरणों को भी जब्त कर नष्ट कर दिया गया।

पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। छापेमारी की भनक मिलते ही कई धंधेबाज मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
ट्रेनी आईपीएस सुषमा सागर ने बताया कि गौरीचक थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
