
बिहटा: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन ग्रीन विलेज” अभियान के तहत सरकारी विद्यालय के बच्चों के बीच 150 पौधों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम उत्क्रमित मध्य विद्यालय पहाड़पुर में आयोजित किया गया, जहां बच्चों को पौधारोपण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।

यह पहल Brothers of Bihar संस्था की ओर से चलाई जा रही मुहिम का हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान ग्राम डिहरी, बिहटा निवासी सुमित कुमार ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर बच्चों के बीच निःशुल्क पौधे वितरित किए और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया।
इस मौके पर सुमित कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बढ़ती गर्मी और प्रदूषण को रोकने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास भी पौधारोपण करें और प्रकृति को बचाने में योगदान दें।
उन्होंने बताया कि यह मुहिम अमित कुमार और सुमित कुमार दो भाइयों द्वारा संयुक्त रूप से चलाई जा रही है। इसके तहत लगातार विभिन्न जगहों पर पौधा वितरण किया जा रहा है। सुमित कुमार अपनी कमाई का लगभग 2 से 3 प्रतिशत हिस्सा पर्यावरण संरक्षण के कार्यों पर खर्च कर रहे हैं।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संध्या कुमारी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक मनीष कुमार, बिपुल कुमार, समरेंद्र कुमार, सीमा कुमारी, तुलसी कुमारी और आफरीन बानो भी मौजूद रहे। सभी शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाई।
ब्यूरो रिपोर्ट निशांत कुमार
