फुलवारी शरीफ।
बिहार में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उपचार की आधुनिक सुविधाओं पर मंथन के उद्देश्य से 21 और 22 फरवरी को ताज सिटी सेंटर, पटना में दो दिवसीय “बिहार कैंसर कॉन्क्लेव-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस कॉन्क्लेव में देशभर के प्रतिष्ठित ऑन्कोलॉजिस्ट और चिकित्सा विशेषज्ञ भाग लेंगे।
आयोजन का नेतृत्व पारस एचएमआरआई, पटना के विभागाध्यक्ष एवं मेडिकल ऑन्कोलॉजी निदेशक डॉ. अभिषेक आनंद कर रहे हैं। पारस हेल्थकेयर प्रबंधन की ओर से इस पहल को समर्थन दिया गया है। कार्यक्रम में कैंसर की रोकथाम, शीघ्र पहचान, सटीक निदान और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही उन्नत तकनीकों और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं पर विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।
पारस हेल्थ के जोनल डायरेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य बिहार में कैंसर उपचार की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और वैज्ञानिक संवाद के लिए ऐसे मंच जरूरी हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आमंत्रित किया गया है।
प्रेस वार्ता में डायरेक्टर जनरल सर्जरी डॉ. ए.ए. हई और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शेखर केसरी ने तकनीकी प्रगति व समन्वित चिकित्सा पद्धति की आवश्यकता पर जोर दिया। कॉन्क्लेव में टाटा मेमोरियल, मुंबई सहित देश के प्रमुख संस्थानों के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।