
पटना। बिहार की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर परचम लहराकर राज्य का नाम रोशन किया है। प्रथम नेत्रहीन महिला टी-20 विश्व कप–2025 की विजेता भारतीय टीम की खिलाड़ी अनु कुमारी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को सम्मानित किया। 01 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने अनु कुमारी को 23 लाख 43 हजार 750 रुपये का चेक और अंगवस्त्र प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरे बिहार के लिए गर्व का क्षण है। साधारण परिवार से निकलकर अनु कुमारी ने मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय मुकाम हासिल किया है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दे रही है। ‘मेडल लाओ–नौकरी पाओ’ योजना के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा रही है और आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने अनु कुमारी को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह बिहार की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं।
सम्मान पाकर अनु कुमारी ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि राज्य सरकार के प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है। बिहार में खेल सुविधाओं के विकास से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव की रहने वाली अनु कुमारी के पिता सोहन चौधरी ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही मेहनती रही है। बिहार क्रिकेट संघ से अवसर मिलने के बाद उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा और राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई। विश्व कप में उसकी गेंदबाजी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
