
पटना।
पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घने कोहरे का फायदा उठाकर भाग रहे संदिग्धों की स्कॉरपियो गाड़ी खेत में फंस गई, जिससे वाहन से अवैध हथियार और गोली बरामद की गई। हालांकि अंधेरे और कोहरे का लाभ उठाकर गाड़ी पर सवार सभी संदिग्ध मौके से फरार हो गए।
यह मामला गौरीचक थाना कांड संख्या 06/26, दिनांक 02.01.2026 से जुड़ा है, जिसमें आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a, 26 एवं 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, 01 जनवरी 2026 की रात सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार यादव सशस्त्र बल के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्ती पर थे। इसी क्रम में 02 जनवरी की रात करीब 12:10 बजे सोहगी मोड़ से रामपुर बहुआरा की ओर गश्ती के दौरान सामने से आ रही काले रंग की स्कॉरपियो (नंबर BR01PM-1177) संदिग्ध अवस्था में दिखी। वाहन के शीशों पर काले रंग का पेपर लगा हुआ था।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर स्कॉरपियो चालक ने वाहन को पीछे की ओर तेज गति से भगाना शुरू कर दिया। घने कोहरे के कारण वाहन असंतुलित होकर रामपुर बहुआरा के बीच एक खेत में जा फंसी। इसके बाद वाहन पर सवार सभी लोग कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कॉरपियो से एक लोडेड एकनाली अवैध बंदूक, एक गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया। सभी बरामद सामानों को विधिवत जप्ती सूची बनाकर थाना लाया गया।
सहायक अवर निरीक्षक अजय कुमार यादव के लिखित आवेदन के आधार पर गौरीचक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले के उद्भेदन में जुटी है। जप्त स्कॉरपियो के मालिक की जानकारी के लिए डीटीओ कार्यालय से पत्राचार किया जा रहा है, जबकि बरामद मोबाइल के धारक की पहचान के लिए तकनीकी शाखा की सहायता ली जा रही है। साथ ही अवैध हथियार के नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने के लिए गुप्तचर माध्यम से भी जांच तेज कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पुलिस की चौकसी और बढ़ा दी गई।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
