आरा (भोजपुर)। पं. दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल के आरा-सासाराम रेल खंड पर मंगलवार सुबह एक बड़ी रेल हादसे से टल गई। उदवंतनगर हाल्ट के पास उत्तर तेतरिया गांव में आरा जंक्शन से सासाराम जा रही पैसेंजर ट्रेन संख्या 63369 के सामने एक ट्रैक्टर आ गया। ट्रेन और ट्रैक्टर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया।
खुशनसीबी रही कि ट्रैक्टर चालक समय रहते कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। हालांकि टक्कर के कारण ट्रेन के इंजन का अगला गार्ड टेढ़ा हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन और उदवंतनगर पुलिस मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। प्रशासन के अनुसार यह हादसा सुबह 7:52 बजे हुआ, जब ट्रेन उदवंतनगर हाल्ट से उत्तर पोल संख्या 518 के पास अवैध रूप से लाइन पार कर रहे ट्रैक्टर से टकराई। ट्रैक्टर के इंजन वाले हिस्से को लोगों की मदद से हटाया गया और पीछे का हिस्सा जेसीबी की मदद से लाइन से हटाया गया। ट्रेन ट्रैक्टर के आगे वाले हिस्से को रगड़ते हुए पोल संख्या 522 तक ले गई और इसके बाद लगभग तीन घंटे तक रेलवे ट्रैक पर रुकी रही।
ट्रेनें प्रभावित
आरा-सासाराम पैसेंजर ट्रेन संख्या 63369 रोजाना सुबह 7:05 बजे आरा से सासाराम के लिए खुलती है, लेकिन मंगलवार को यह ट्रेन 7:44 बजे चली। ट्रेन के लेट चलने के केवल आठ मिनट बाद ही यह हादसा घटित हो गया। रेलवे टीम ने ट्रेन को जांच के बाद 10:48 बजे वापस रवाना किया।
इस हादसे के कारण अन्य कई ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। आरा-सासाराम पैसेंजर संख्या 63371 अप कैंसिल कर दी गई। आरा-भभुआ मेमू 11:45 के बजाय 1:40 बजे चली, जबकि सासाराम-आरा पैसेंजर संख्या 63320 भी काफी लेट पहुंची। आरा-रांची एक्सप्रेस संख्या 18639 9:30 बजे चलने वाली ट्रेन 4 घंटे 9 मिनट की देरी से 1:39 बजे रवाना हुई।
रेल प्रशासन ने कहा कि रेल मार्ग पर परिचालन को जल्द सामान्य किया जा रहा है और जांच जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट: अनिल कुमार त्रिपाठी