लोन नहीं चुका पाने पर रची थी डकैती की झूठी कहानी, दो आरोपी गिरफ्तार!
पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र में दर्ज ट्रक लूटकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर उद्भेदन कर चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि जिस ट्रक लूट की शिकायत दर्ज कराई गई थी, वह पूरी तरह फर्जी थी और इस साजिश का मास्टरमाइंड ट्रक का मालिक व चालक खुद ही निकला। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 20 दिसंबर 2025 को फतुहां थाना से शून्य प्राथमिकी प्राप्त हुई थी। प्राथमिकी में वादी मंटू कुमार (पिता– लल्लू प्रसाद), निवासी कोलहर हाजीपुर, थाना फतुहां, जिला पटना ने आरोप लगाया था कि वह धान लोड ट्रक लेकर नेपाल जा रहा था। इसी दौरान गौरीचक थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव के पास अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर उसका अपहरण कर लिया, ट्रक और मोबाइल लूट लिया तथा उसे बख्तियारपुर फोरलेन के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को वादी की भूमिका संदिग्ध लगी। कड़ाई से पूछताछ करने पर मंटू कुमार ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर पूरी डकैती की कहानी गढ़ी थी। पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक उसने लोन पर लिया था और किश्त नहीं चुका पाने के कारण आर्थिक दबाव में आकर यह साजिश रची।
योजना के तहत धान लोड ट्रक को हिलसा थाना क्षेत्र के एक गोदाम में छिपा दिया गया। बाद में सह आरोपी रितेश कुमार के जरिए किसान बनकर धान को मेसर्स मां लक्ष्मी ट्रेडर्स के गोदाम में बेच दिया गया। इस सौदे से करीब एक लाख दस हजार रुपये मिले, जिसे तीनों ने आपस में बांट लिया।
पटना सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस ने मंटू कुमार और नितीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी कोलहर हाजीपुर, थाना फतुहां, जिला पटना के निवासी हैं। तीसरे आरोपी रितेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 563 बोरा धान, ट्रक (बीआर-21-6ए-3897), वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल (बीआर-01-एफएफ-2224) और 29,550 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा मामला झूठी प्राथमिकी दर्ज कर बीमा या आर्थिक लाभ लेने की साजिश का हिस्सा था। फिलहाल आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों की भी जांच की जा रही है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट