पटना।
खगड़िया जिले से जुड़े विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित किया गया, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम की उपस्थिति में सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में राष्ट्रीय जनता दल के पूर्व जिलाध्यक्ष कुमार रंजन, राजद के प्रखंड अध्यक्ष संजय कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। इसके अलावा जदयू, स्वराज इंडिया और अन्य दलों से जुड़े कई पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भी कांग्रेस का दामन थामा।

कांग्रेस में शामिल प्रमुख लोगों में जदयू व्यवसायी प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य गोविंद कुमार, पंचायत समिति सदस्य सुमन कुमार चौरसिया, जदयू नेता सन्नी गुप्ता, पैक्स अध्यक्ष निखिल कुमार, पूर्व मुखिया रामाकांत दास, स्वराज इंडिया के संयोजक संजय गुप्ता, वार्ड पार्षद आकाश राज पासवान, पूर्व वार्ड सचिव कैलाश कुमार तांती, वीआईपी नेता राजेश कुमार महतो समेत अन्य नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस नेतृत्व ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में औपचारिक रूप से स्वागत किया और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. चंदन यादव, बेलदौर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे मिथिलेश कुमार निषाद, पार्टी प्रवक्ता असित नाथ तिवारी, खगड़िया जिला कांग्रेस अध्यक्ष अविनाश कुमार अविनाश सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अजीत कुमार की रिपोर्ट