
पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत पावर ग्रिड के समीप जुझारपुर गांव में मकान निर्माण को लेकर चल रहा भूमि विवाद सोमवार देर शाम हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए टकराव के दौरान गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।
घायल व्यक्ति की पहचान विनोद सिंह के रूप में हुई है। वहीं, गोली चलाने का आरोप संजीव कुमार पर लगाया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुझारपुर गांव के एक टोले में एक व्यक्ति द्वारा मकान निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और जमीन पर कब्जे को लेकर विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात गोलीबारी तक पहुंच गई। इसी दौरान विनोद सिंह को गोली लग गई।
गोली की आवाज सुनते ही निर्माण कार्य में लगे मजदूर और राजमिस्त्री जान बचाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने भय के माहौल में घायल विनोद सिंह को तुरंत संपतचक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के एक बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही गौरीचक थाना अध्यक्ष (प्रभारी) रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद एसडीपीओ-2 रंजन कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
पुलिस का कहना है कि मकान निर्माण के दौरान हुए विवाद में गोलीबारी की घटना सामने आई है। आरोपी संजीव कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
