
फुलवारी शरीफ।
फुलवारी शरीफ प्रखंड सभागार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आयोजित विशेष कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री श्याम रजक ने जीविका समूहों की महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जीविका ने महिलाओं को न सिर्फ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान का स्थान भी दिलाया है।

उन्होंने जानकारी दी कि फुलवारीशरीफ प्रखंड में अब तक 2204 जीविका समूह बनाए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 23,896 परिवार जुड़ चुके हैं। इनमें से 1847 समूहों को बैंकों से 130 करोड़ रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है। साथ ही, 1500 समूहों को 4.5 करोड़ रुपये का रिवॉल्विंग फंड (RF) और 1719 समूहों को 17 करोड़ रुपये की कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (ICF) की राशि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई है।
श्याम रजक ने बताया कि वर्तमान में प्रखंड क्षेत्र में 6 दीदी की रसोई चलाई जा रही हैं, जिनमें 108 महिलाएं कार्यरत हैं। इसके अलावा 196 दीदियों को व्यक्तिगत ऋण के ज़रिए स्वरोजगार हेतु दुकानें स्थापित कराई गई हैं।

फुलवारीशरीफ, पुनपुन और फुलवारी ग्रामीण क्षेत्रों के 30,408 परिवारों को अब तक कुल 30 करोड़ 40 लाख 80 हजार रुपये का ऋण मुहैया कराया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि फुलवारी प्रखंड की 6700 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और 503 महिलाएं ‘ग्रेजुएट दीदी’ के रूप में सतत जीविकोपार्जन योजना से जुड़कर नई मिसाल कायम कर रही हैं।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय मिश्रा, सीडीपीओ, प्रखंड परियोजना प्रबंधक सुरुचि कांत मणि, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रामप्रवेश सिंह, शैलेन्द्र सिंह, एनडीए संयोजक देवेन्द्र प्रसाद, भाजपा नगर अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद थीं।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत यादव