पटना।
दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट बुधवार को यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई, जब उड़ान भरने के महज आधे घंटे बाद ही विमान को बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। दोपहर 2:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 से रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-2425 तकनीकी खराबी के कारण पटना नहीं पहुंच सकी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी और नाराजगी देखी गई।
तकनीकी खराबी के बाद बदला गया रूट
यात्रियों के अनुसार, फ्लाइट निर्धारित समय पर पटना के लिए रवाना हुई थी, लेकिन उड़ान के करीब 30 मिनट बाद विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलट ने लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी, लेकिन वहां स्लॉट उपलब्ध नहीं होने के कारण विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर ही उतारना पड़ा।

सांसद समेत कई प्रमुख यात्री थे सवार
इस फ्लाइट में जमुई के सांसद अरुण भारती समेत पटना और आसपास के जिलों के कई प्रमुख यात्री सवार थे। इनमें संपतचक प्रखंड के दरियापुर कुरथौल के पूर्व मुखिया पति रॉकी कुमार उर्फ रॉकी मुखिया, संपतचक नगर परिषद वार्ड संख्या-12 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में यात्री शामिल थे।
यात्रियों को नहीं मिली तत्काल वैकल्पिक उड़ान
विमान के दिल्ली लौटने के बाद यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। यात्रियों का आरोप है कि इंडिगो की ओर से पटना के लिए कोई तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरन सभी यात्रियों को अगली सुबह की फ्लाइट में अपनी बुकिंग करानी पड़ी। बताया गया कि एयरलाइन की ओर से गुरुवार सुबह की उड़ान के टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, लेकिन तब तक यात्री दिल्ली और गुड़गांव के होटलों में ठहरने को मजबूर हैं।
यात्रियों में नाराजगी, उठे सुरक्षा पर सवाल
दरियापुर कुरथौल के पूर्व मुखिया पति रॉकी कुमार ने बताया कि वे अपने बेटे को देहरादून के एक स्कूल में छोड़कर दिल्ली से पटना लौट रहे थे, लेकिन अचानक फ्लाइट लौटने से उनकी पूरी यात्रा योजना बिगड़ गई।
यात्रियों का कहना है कि इंडिगो की फ्लाइटों में बार-बार आ रही तकनीकी दिक्कतें गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ऐसी घटनाओं से न केवल यात्रियों का समय और पैसा बर्बाद हो रहा है, बल्कि उनकी मानसिक शांति और सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस घटना ने एक बार फिर एयरलाइंस की तकनीकी तैयारी और यात्रियों के प्रति जिम्मेदारी पर सवालिया निशान लगा दिया है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट