
पटना। बिहार राज्य महिला आयोग के 24वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को अधिवेशन भवन में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने महिला आयोग की उपलब्धियों और राज्य में महिलाओं की बदली हुई तस्वीर पर संतोष जताते हुए कहा कि सरकार ने हर स्तर पर महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने ‘संवाद से सरोकार तक’ नामक स्मारिका का विमोचन कर आयोग को बधाई दी और कहा कि आज बिहार की महिलाएं आत्मबल और आत्मसम्मान के प्रतीक बन चुकी हैं।

समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. तथा वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर और बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा भी मंच पर मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और इसे सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण कदम बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण की उपलब्धियों और आने वाली चुनौतियों पर चर्चा हुई, जिससे कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन न होकर महिलाओं के मुद्दों पर सार्थक संवाद का मंच बन गया।
ब्यूरो रिपोर्ट