
पटना।
राजधानी पटना शुक्रवार को राजनीतिक संघर्ष का गवाह बना, जब भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान दोनों गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलने लगे और कई लोग घायल हो गए।
मामला दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा से जुड़ा है। यात्रा के दौरान मंच से पीएम नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इसी विरोध के दौरान पटना में कांग्रेस कार्यालय के गेट तोड़कर भाजपा कार्यकर्ता अंदर घुसे और तोड़फोड़ की। मौके पर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। जवाबी कार्रवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए और दोनों तरफ से जमकर हिंसा हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मोर्चा संभाला और किसी तरह स्थिति को काबू में किया। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और कांग्रेस मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इधर, विवादित टिप्पणी करने वाले आरोपी मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा, जो दरभंगा जिले के भोपुरा गांव का रहने वाला है, को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और महिला आयोग ने भी कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन को पत्र लिखा है।
इस घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीएम मोदी की मां के खिलाफ टिप्पणी कांग्रेस का शर्मनाक कृत्य है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी हिंसा की निंदा करते हुए सभी से शांति बनाए रखने की अपील की।
राजनीतिक विशेषज्ञ मानते हैं कि सत्ता और विपक्ष के बीच बढ़ती टकराहट से राजधानी में इस तरह के टकराव की आशंका बनी रहती है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन हालात सामान्य करने में जुटा है, लेकिन पटना का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत यादव