
पटना।
राजधानी पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। आगरा की रहने वाली प्रियंका शर्मा ने अपने पति यशराज सिंह और सास विभा पर दहेज की भूखी दरिंदगी, मारपीट और जान से मारने की कोशिश का चौंकाने वाला आरोप लगाया है। इस पूरे मामले में महिला थाना पटना ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच की बागडोर संभाल ली है।
पीड़िता प्रियंका शर्मा, स्व. योगेश चंद्र शर्मा की पुत्री हैं। 14 फरवरी 2024 को उनकी शादी धूमधाम से पटना के कंकड़बाग निवासी यशराज सिंह (पिता रमेश कुमार) के साथ आर्य समाज मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। 17 फरवरी को विवाह का पंजीकरण भी कराया गया। लेकिन सात फेरे के चंद दिन बाद ही दहेज का दानव सामने आ गया।
प्रियंका ने अपने बयान में खुलासा किया कि पति यशराज ने शादी के तुरंत बाद ही पाँच लाख रुपये और जेवरात हड़प लिए। इतना ही नहीं, गर्भवती होने पर पति ने जबरन गर्भ गिराने का दबाव बनाया। पीड़िता का आरोप है कि शादी से पहले भी यशराज ने जबरन संबंध बनाकर उसे गर्भवती किया और फिर दबाव डालकर गर्भपात करवा दिया।

सबसे सनसनीखेज घटना 5 जनवरी 2025 को घटी। जब प्रियंका पटना में ससुराल पहुँची तो पति और सास ने मिलकर उस पर 10 लाख रुपये और कीमती सामान लाने का दबाव बनाया। जब प्रियंका ने दहेज की इस हैवानियत के आगे झुकने से इनकार कर दिया तो उस पर दराती (गड़ासी) से जानलेवा हमला कर दिया गया। गाली-गलौज, मारपीट और लहूलुहान हालत में किसी तरह वह जान बचाकर वहां से भागी और सुरक्षित ठिकाने पर शरण ली।
प्रियंका ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका पति यशराज सिर्फ दहेजखोर ही नहीं बल्कि आपराधिक इतिहास वाला व्यक्ति है। शादीशुदा होने के बावजूद उसके कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं और यहां तक कि उसकी पहले भी शादी हो चुकी है, जिसकी जानकारी बाद में सामने आई।
इस खौफनाक दास्तान के बाद महिला थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा देने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है।
यह मामला एक बार फिर समाज के सामने दहेज प्रथा का काला चेहरा उजागर करता है। आगरा की मासूम बेटी पटना में इंसाफ की गुहार लगा रही है और पूरा समाज इस सोच में है कि आखिर कब तक बेटियां दहेज के नाम पर दरिंदों की बलि चढ़ती रहेंगी?
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत यादव