दानापुर।
दानापुर के रूपसपुर थाना अंतर्गत सर्वोदयनगर गली संख्या-2 में मुख्य नाला निर्माण कार्य के दौरान बुधवार को मिट्टी धंसने की घटना सामने आई। बुडको द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में लगे मजदूर संतोष और नवीन अचानक मिट्टी खिसकने से दब गए। घटना के समय दोनों मजदूर नाले के अंदर काम कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी ढह गई और दोनों उसमें फंस गए। साथी मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें बाहर निकाला।

मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों को चोटें आई हैं और वे बुरी तरह घबरा गए थे। स्थानीय पार्षद ने जानकारी दी कि बुडको द्वारा जारी निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से निर्माण स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

ब्यूरो रिपोर्ट