गयाजी।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा द्वारा 29 जून को गया के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित की जाने वाली संवैधानिक अधिकार परिसीमन सुधार महारैली को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह रैली न सिर्फ मगध क्षेत्र बल्कि पूरे बिहार में राजनीतिक चेतना का एक नया अध्याय रचेगी। इससे पहले शाहाबाद के विक्रमगंज और मुजफ्फरपुर में हुई ऐसी रैलियों ने अभूतपूर्व सफलता पाई थी।

रैली के उद्घाटनकर्ता व मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो और सांसद उपेंद्र कुशवाहा शिरकत करेंगे। वे इस मंच से बिहार की जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों विशेषकर पिछले पचास वर्षों से लंबित परिसीमन सुधार जैसे ज्वलंत मुद्दे पर संबोधित करेंगे। पार्टी का मानना है कि यह आंदोलन 2026 में संभावित परिसीमन की दिशा तय कर सकता है और इससे सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई धार मिलेगी।

प्रदेश महासचिव राम पुकार सिन्हा और प्रवक्ता बृजेन्द्र कुमार पप्पू ने जानकारी दी कि इस महारैली में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं, और पार्टी का दावा है कि यह आयोजन रालोमो के इतिहास में सबसे बड़ी जुटान में से एक होगा। पार्टी ने लोगों से व्यापक रूप से भागीदारी की अपील की है।

ब्यूरो रिपोर्ट