पटना।
बिहार को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में लाने के उद्देश्य से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने ‘बिहार और चिराग पासवान’ विषय पर शनिवार को पटना के पाटलिपुत्रा कॉलोनी स्थित आनंद भवन परिसर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने चिराग पासवान को बिहार के भविष्य का नेतृत्वकर्ता बताया और 2025 विधानसभा चुनाव में एनडीए को 225 से अधिक सीटें दिलाने का लक्ष्य रखा।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सत्यानंद शर्मा ने कहा कि “बिहार के 90 फीसदी लोगों की चाहत का नाम चिराग पासवान है। ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन को जनता ने न सिर्फ सराहा है बल्कि उसे बिहार की दिशा बदलने वाला दस्तावेज माना है।” उन्होंने कहा कि राज्य के लाखों युवा आज आईटी, स्टार्टअप, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन रहे हैं, जो डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों का परिणाम है।

युवा लोजपा-(रा) के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार पासवान ने कहा कि “चिराग पासवान आज सिर्फ बिहार ही नहीं, पूरे देश के युवाओं के प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। पलायन, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर उनकी सोच और समाधान की दिशा स्पष्ट है।” वहीं लोजपा संसदीय बोर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश राय ने चिराग को बिहार की जनता की उम्मीद बताया।

प्रदेश महासचिव आनंद कुमार सिंह ने कहा, “अब वक्त आ गया है कि बिहार को एक युवा, दूरदर्शी और विकासोन्मुख नेतृत्व मिले। चिराग पासवान की लोकप्रियता और उनकी योजना ही बिहार को देश के मानचित्र पर पहले पायदान पर ला सकती है।” वहीं पार्टी के प्रदेश महासचिव शिशिर राय और अंकित कुमार ने भी चिराग को भावी मुख्यमंत्री के रूप में देखने की जनभावना को मजबूती दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लोजपा-(रा) के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु पासवान ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव आनंद कुमार सिंह ने किया। गोष्ठी को प्रदेश सचिव दिलीप यादव, वरिष्ठ नेता पंकज पाण्डेय और पटना महानगर अध्यक्ष सूरज कुमार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की जानकारी प्रदेश प्रवक्ता दिनेश पासवान ने दी।

ब्यूरो रिपोर्ट