पटना।
बोधगया में जनता दल (यू) की दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने किया, जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की। कार्यशाला में राज्य भर से आए प्रवक्ताओं, मीडिया सेल पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों ने भाग लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने सोशल मीडिया को जनसंपर्क का प्रभावी माध्यम बताते हुए, आगामी चुनावों में इसके महत्व पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सुशासन और विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हुए विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया। वहीं उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यशाला को आत्ममंथन का अवसर बताया और कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया पर सशक्त उपस्थिति पार्टी की सफलता के लिए अनिवार्य है।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में सोशल मीडिया निर्णायक भूमिका निभाएगा और इसे एक रणनीतिक हथियार के रूप में उपयोग किया जाना चाहिए। मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने नीतीश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि सुशासन और सामाजिक समरसता ही पार्टी का मूल एजेंडा है।

कार्यक्रम में मनीष कुमार, ललन कुमार सर्राफ, संजय सिंह गांधी, अनिल हेगड़े, भारती मेहता, अंजुम आरा सहित कई प्रमुख नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य पार्टी के मीडिया कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर संगठन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है।

ब्यूरो रिपोर्ट