पटना।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा है कि तेजस्वी यादव ने जो गंभीर सवाल उठाए हैं, उनका जवाब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देना चाहिए था। उन्होंने संजय झा पर आरोपों से भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक जिम्मेदार दल के कार्यकारी अध्यक्ष होने के नाते उन्हें सीधा और साफ-सुथरा जवाब देना चाहिए, न कि बातों को घुमाना।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि संजय झा ने अपनी प्रतिक्रिया में तेजस्वी द्वारा उठाए गए किसी भी बिंदु का खंडन या स्पष्टीकरण नहीं दिया है, जिससे यह प्रतीत होता है कि वे खुद भी उन आरोपों को सही मानते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार के पैसे से पार्टी का प्रचार नहीं हो रहा है? क्या महिला संवाद कार्यक्रम के नाम पर 225 करोड़ रुपए सिर्फ राजनीतिक प्रचार में झोंके जा रहे हैं? क्या केवल 6-7 कैबिनेट बैठकों में 76 हजार करोड़ से ज्यादा की योजनाओं को मंजूरी दी गई? और क्या मुख्यमंत्री की यात्राओं पर ग्रामीण विकास विभाग ने 2 अरब 25 करोड़ रुपए खर्च किए?

गगन ने कहा कि जिन मुद्दों से आरोपों का कोई लेना-देना नहीं है, उस पर बयान देने के बजाय संजय झा को सीधे उन्हीं सवालों का उत्तर देना चाहिए जिन्हें तेजस्वी यादव ने उठाया है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब बहानों से भ्रमित नहीं होगी और उन्हें सच जानने का हक है।

ब्यूरो रिपोर्ट