
बिहटा।
होली के मद्देनज़र बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। रंगों के इस पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना अध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस बल ने मुख्य बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाकों और चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि होली भाईचारे और उल्लास का त्योहार है, इसे किसी भी हाल में अशांति का कारण नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि डीजे पर अश्लील या तेज आवाज में गाने बजाने, शराब के नशे में उत्पात मचाने या किसी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि बिहटा में होली शांति और सद्भाव के साथ मनाई जा सके।
निशांत कुमार की रिपोर्ट
