
पटना।
होलिका दहन के बाद जहां एक ओर शहर में आस्था और उल्लास की छाप दिखी, वहीं पटना नगर निगम ने स्वच्छता को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। शहर को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाए रखने के लिए व्यापक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न वार्डों में तैनात सफाई कर्मियों की अतिरिक्त टीमों को निर्देश दिया गया है कि वे सड़कों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर होलिका दहन के अवशेषों की शीघ्र सफाई सुनिश्चित करें। अभियान के तहत राख, जली लकड़ियां और अन्य अपशिष्टों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जा रहा है, ताकि आवागमन बाधित न हो और किसी तरह की असुविधा न हो। नगर निगम ने पर्याप्त संसाधन, वाहन और मानवबल की व्यवस्था की है। संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी और समन्वय के निर्देश दिए गए हैं। निगम ने आमजन से भी अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
ब्यूरो रिपोर्ट
