फुलवारी शरीफ: होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर फुलवारी शरीफ में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डीएसपी-1 सुशील कुमार के नेतृत्व में रविवार को व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शहबाज आलम भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), बिहार पुलिस बल तथा बीएमपी-16 की महिला बटालियन के जवान शामिल रहे। पुलिस बल फुलवारी शरीफ थाना परिसर से निकलकर चुनौती कुआं, शहीद भगत सिंह चौक (ईसापुर), राष्ट्रीय गंज, हारून नगर, अनीसाबाद, बाल्मी चौक, वाल्मी-भुसौला दानापुर, बिरला कॉलोनी, सदर बाजार, टमटम पड़ाव, भट्ठी मोड़ समेत अन्य संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने कई स्थानों पर रुककर स्थानीय लोगों से संवाद किया और स्थिति का आकलन किया।
डीएसपी सुशील कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और असामाजिक तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शहबाज आलम ने आमजनों से शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
प्रशासन की सक्रियता और लगातार गश्ती से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि दोनों पर्व आपसी सौहार्द के साथ संपन्न होंगे।

अजीत कुमार की रिपोर्ट