फुलवारी शरीफ।
महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को लेकर फुलवारी शरीफ प्रखंड के जानीपुर पंचायत अंतर्गत सोरंगपुर गांव में शनिवार को महिला संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) समीर सौरभ स्वयं उपस्थित हुए और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका समूह से जुड़ी महिलाएं और समाज के विभिन्न तबकों की महिलाएं शामिल हुईं। डीडीसी समीर सौरभ ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ हर ग्रामीण महिला तक पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, “संवाद कार्यक्रमों के ज़रिए महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी आवाज़ सुनना और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना हमारा उद्देश्य है।” उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति जैसी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र समाधान किया जाएगा।

डीडीसी ने बताया कि फुलवारी शरीफ से महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिसे पूरे प्रखंड में विस्तार देने की योजना है। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों और योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर ज़ोर देते हुए कहा कि इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और समाज में अपनी भूमिका को और मजबूती से निभा सकेंगी।

कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। महिलाओं में आत्मबल, आत्मविश्वास और उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह कार्यक्रम मील का पत्थर साबित हो रहा है।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार मिश्रा, बीपीएम जीविका, डीपीएम जीविका शाहिद अख्तर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसे ज़मीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत यादव