
बिहटा।
बिहटा में शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का भव्य स्वागत किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश कुमार एवं प्रवक्ता डॉ. अशोक गगन जब राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रस्तावित बक्सर दौरे को लेकर स्थल निरीक्षण हेतु निकले, तो रास्ते में बिहटा चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष विकास मिश्रा एवं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रो. अजिता पांडेय ने किया। सैकड़ों की संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजे, टीका-चंदन और फूल मालाओं के साथ दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं के उत्साह से गदगद प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि बिहटा कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमि रही है और आज फिर से पार्टी को मजबूती देने की जिम्मेदारी सभी को मिल चुकी है। उन्होंने बिक्रम विधानसभा के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि ये कार्यकर्ता हमेशा पार्टी के प्रति समर्पित रहे हैं और मैं इन्हें अपने दिल से जोड़कर रखता हूं। उन्होंने यह भी दोहराया कि एकजुट होकर पार्टी को फिर से खड़ा किया जाएगा।
डॉ. अशोक गगन ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस अवसर पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रितेश कुमार, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष प्रियरंजन गोलू, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार, चंदन सिंह, उपाध्यक्ष अमरेंद्र पासवान, रवि पासवान, बिक्रम प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र सिंह, नौबतपुर अध्यक्ष अजित कुमार एवं अमित कुमार सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद थे।
ब्यूरो रिपोर्ट