
कुर्था /अरवल।
महान सम्राट अशोक की 2369वीं जयंती समारोह और “सम्राट अशोक रत्न अवार्ड” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को अखिल भारतीय युवा कुशवाहा समाज (भारत) द्वारा कुर्था डाकबंगला परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नागमणि कुशवाहा ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि आगामी 5 अप्रैल को पटना के रविन्द्र भवन, वीरचंद पटेल पथ में सम्राट अशोक की जयंती को भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, अनुसंधान, कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को “सम्राट अशोक रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।
सम्राट अशोक के आदर्शों को जीवंत रखने का संकल्प
नागमणि कुशवाहा ने कहा कि सम्राट अशोक महान को भव्यता से याद करना अखंड भारत के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके शासनकाल में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, तिब्बत, भूटान, बांग्लादेश, म्यांमार और श्रीलंका अखंड भारत का हिस्सा थे।
उन्होंने बताया कि संगठन 2009 से लगातार सम्राट अशोक जयंती समारोह का आयोजन कर रहा है। इस वर्ष समारोह में सम्राट अशोक की नीतियों, सिद्धांतों और उनके द्वारा विश्व को दिए गए महान दर्शन पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
8 किलोमीटर लंबी रथयात्रा निकलेगी
इस भव्य आयोजन के तहत बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग दस हजार कार्यकर्ता कुम्हरार पार्क, अशोक किला, पटना में एकत्रित होंगे। यहां से रथयात्रा प्रारंभ होकर 8 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए रविन्द्र भवन, वीरचंद पटेल पथ तक पहुंचेगी। वहां एक सभा का आयोजन किया जाएगा और “सम्राट अशोक रत्न अवार्ड” का वितरण किया जाएगा।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर अखिल भारतीय युवा कुशवाहा समाज के राष्ट्रीय सलाहकार डॉ. मुकेश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष हरिओम कुशवाहा, कुर्था प्रखंड समन्वयक रंजय कुशवाहा, सुधीर सिंह, पूर्व मुखिया रविशंकर प्रसाद, वंशी प्रखंड के उपप्रमुख रंजीत कुशवाहा, युवा नेता मुन्ना कुशवाहा, अभिषेक मौर्या, अमरजीत कुशवाहा, दीपू कुशवाहा सहित दर्जनों कुशवाहा समाज के युवा मौजूद थे।
ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर कुमार