
फुलवारी शरीफ। प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ में बुधवार को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का थीम “परीक्षा की तैयारी हमारी साझा जिम्मेदारी” रखा गया। इस दौरान परीक्षा की तैयारी को लेकर अभिभावकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई और बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर संवाद हुआ।
संगोष्ठी में फरवरी माह के मासिक मूल्यांकन का परीक्षाफल अभिभावकों को दिखाया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों और सुधार की जरूरत वाले पहलुओं की जानकारी दी। फरवरी माह के “स्टूडेंट ऑफ द मंथ” के रूप में वर्ग तीन की छात्रा सोनम कुमारी को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, साफ-सफाई, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। शिक्षिका नीतू शाही ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के साझा प्रयास से ही बच्चों का भविष्य संवर सकता है, इसलिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम का समापन शिक्षक व अभिभावकों द्वारा एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
