आरा (भोजपुर)।

भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में रविवार सुबह दूध के पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गोलीबारी हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, सेमरा गांव के रहने वाले रविंद्र राय और पुराना बिंदगामा गांव के मनीष सिंह के बीच तीन दिन पहले दूध के भुगतान को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुराने विवाद के चलते रविवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और बात बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी तक पहुंच गई।

इस घटना में सेमरा गांव के धर्मेंद्र राय (25 वर्ष), पिता रामनिवास राय और पुराना बिंदगामा गांव के प्रेम सिंह उर्फ बड़े सिंह (24 वर्ष), पिता बालेश्वर सिंह को गोली लगी। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसके अलावा, हरेंद्र सिंह उर्फ साधू और सतेंद्र सिंह सहित कई अन्य लोग मारपीट में घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस को घटनास्थल से एक बाइक, एक पिस्टल, दो खोखे, 10 कारतूस और एक दोनाली बंदूक बरामद हुई है। फिलहाल, गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है।

(ब्यूरो रिपोर्ट: अनिल कुमार त्रिपाठी)