आरा (भोजपुर)।
आरा में आपसी रंजिश एवं अवैध शराब कारोबार से जुड़े विवाद में तीन दोस्तों को गोली मारी गई, जिसमें एक दोस्त की मृत्यु हो गई। घटना टाउन थाना क्षेत्र के मीरगंज मोहल्ले की है जहां शनिवार की रात हथियारबंद बदमाशों के द्वारा की गई गोलीबारी की घटना में एक की मौत हो गई। जबकि, दो लोग घायल हो गए। मृतक सिकंदर टाउन थाना क्षेत्र के उजियार टोला, बिंद टोली का निवासी है। बाइक और मोबाइल लूट में फरार चला आ रहा था। पूर्व के आपराधिक इतिहास को देखते हुए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मृतक के सिर के भाग में गोली का निशान पाया गया है। वारदात के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन कर रही है। गोली मारने का आरोप बिंद टोली क्षेत्र के ही दो लोगों पर है। पुलिस ने दोनों को चिह्नित कर लिया है। थानाध्यक्ष देवराज राय ने बताया कि पूर्व के आपसी रंजिश में घटना घटित हुई है। घायलों में बिंद टोली निवासी राम देव यादव का पुत्र शुभम यादव उर्फ राहुल (18)और कन्हैया राम का पुत्र दसई राम शामिल हैं। दोनों को गोली पैर और गर्दन के भाग में लगी है। मृतक उजियार टोला, बिंद टोली निवासी वर्मा प्रसाद के 19 वर्षीय पुत्र अजय शंकर उर्फ सिकंदर को सिर में तीन गोली मारी गई है।घायलों ने बताया कि वे तीनों दोस्तों रात में घर से होली खेलने एवं खाना खाने अन्य दोस्तों के घर जा रहे थे, तभी मीरगंज कोल्डस्टोरेज के पास हथियार बंद तत्वों ने अचानक उन पर गोलियों से हमला कर दिया।इसमें सिकंदर की मौत हो गई। जबकि, दोनों घायल हो गए। सूचना मिलते ही ए एसपी परिचय कुमार सहित टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय और नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी सशस्त्र बल के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस घायल के स्वजन से पूछताछ कर पूरे मामले की विभिन्न एंगल से जांच कर रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट: अनिल कुमार त्रिपाठी