
पटना।
मसौढ़ी थाना क्षेत्र के जिलाल बिगहा गांव में होली के दिन रंगों की जगह गोलियों की गूंज सुनाई दी। मामूली विवाद के बाद दो गुटों में जमकर मारपीट हुई, जो देखते ही देखते पत्थरबाजी और फिर फायरिंग में बदल गई। इस हिंसक झड़प की चपेट में एक 7 साल का मासूम भी आ गया, जिसे गोली लग गई।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, गांव के दो परिवारों के बीच पहले से तनातनी चल रही थी। होलिका दहन के दिन भैंस व्यापार से जुड़े सुधीर यादव और नगीना यादव के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था। यह विवाद थमा नहीं, बल्कि होली के दिन और भड़क गया। दोनों पक्षों के बीच पहले जमकर लाठी-डंडे चले, फिर ईंट-पत्थर बरसाए गए और देखते ही देखते गोलियां चलने लगीं।
बच्चे को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती:
इस फायरिंग में 7 साल का एक बच्चा घायल हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपने नाना-नानी के घर आया था और झगड़े के दौरान दुकान की तरफ जा रहा था, तभी गोली उसके पैर में लग गई। परिजनों ने तुरंत उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
50 लोगों पर एफआईआर, चार गिरफ्तार:
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। मसौढ़ी एसडीपीओ नव वैभव ने बताया कि “इस हिंसा में शामिल 50 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।“
गांव में तनाव, पुलिस की नजर:
घटना के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस हालात पर कड़ी नजर रख रही है और सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट: भोला कुमार पाण्डेय