
पटना।
राजधानी पटना के चाणक्य होटल परिसर में सहोदया सीबीएसई पटना रीजन द्वारा आयोजित भव्य समारोह में बिहटा पब्लिक स्कूल, किशुनपुर, बिहटा के संस्थापक सह प्राचार्य डॉ. उदय कुमार सिंह को “राष्ट्रीय शिक्षा सुमेरु सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह में देश के ख्यातिप्राप्त शिक्षाविद एवं महान संत आचार्य सुदर्शन जी महाराज ने डॉ. उदय कुमार सिंह को यह सम्मान भेंट किया। इस अवसर पर प्रख्यात चिकित्सक एवं पद्मश्री डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, बिहार सैनिक स्कूल के संस्थापक शिक्षाविद कर्नल आर.एस. मेहरा तथा सहोदया सीबीएसई पटना रीजन के चेयरमैन सी.बी. सिंह समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर शिक्षा जगत में हर्ष की लहर है। डॉ. उदय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान न केवल उनका, बल्कि पूरे शिक्षा समुदाय का है, जो निरंतर ज्ञान और संस्कार के प्रसार में योगदान दे रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट
