पटना।

मंगलवार को पटना प्रमंडल के आयुक्त मयंक वरवड़े के निर्देश पर पटना शहर में अतिक्रमण उन्मूलन के लिए मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान का पांचवां दिन सफलता पूर्वक संचालित किया गया। इस अभियान में नगर निगम, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, पथ निर्माण, राजस्व, विद्युत, परिवहन, अग्निशमन, वन प्रमंडल, दूरसंचार और पुल निर्माण निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

आयुक्त मयंक वरवड़े ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (SDPO) को निर्देश दिया है कि वे अतिक्रमण उन्मूलन अभियान की नियमित निगरानी करें और पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलो-अप टीम को सक्रिय बनाए रखें। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण करने वालों और अभियान में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल में 10 बजे से 2 बजे तक अभियान चलाया गया, जिसमें नेहरू पथ से राजा बाजार बीएमपी रोड होते हुए जगदेव पथ तक अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान दो ठेले जप्त किए गए और ₹18,600/- जुर्माना वसूला गया। वहीं, पाटलिपुत्र अंचल में बोरिंग रोड चौराहा से सहदेव महतो मार्ग होते हुए राजापुर पुल सब्जी मंडी तक अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया, जहाँ ₹4,000/- का जुर्माना वसूला गया।

बाँकीपुर अंचल में बारी पथ, सब्जीबाग और अशोक राजपथ से अतिक्रमण हटाया गया, और ₹16,500/- जुर्माना वसूल किया गया। कुल मिलाकर, आज के अभियान में ₹39,100/- जुर्माना वसूला गया।


जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए पाँच-सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है, जिसमें शामिल हैं:
1. अपर जिला दंडाधिकारी (नगर व्यवस्था), पटना
2. पुलिस अधीक्षक (विधि-व्यवस्था), पटना
3. पुलिस अधीक्षक (यातायात), पटना
4. अपर नगर आयुक्त, पटना नगर निगम
5. सिटी मजिस्ट्रेट-सह-प्रभारी दंडाधिकारी, जिला नियंत्रण कक्ष, पटना


आयुक्त मयंक वरवड़े ने निर्देश दिया है कि मॉनिटरिंग सेल के सभी अधिकारी संयुक्त रूप से अभियान की निगरानी करें और अतिक्रमण हटाने के कार्य को तार्किक परिणति तक पहुँचाएं।

आयुक्त ने वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार को निर्देश दिया है कि संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थानाध्यक्षों के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में पुनः अतिक्रमण न हो। साथ ही, थानाध्यक्षों को यह आदेश दिया गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विवरण थाना डायरी में दर्ज करें।

आयुक्त मयंक वरवड़े ने कहा, “सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रशासन शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रहा है। किसी भी तरह के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
ब्यूरो रिपोर्ट