आरा (भोजपुर)।
बिहार इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक)परीक्षा 2025 के सफल संचालन हेतु जिला दंडाधिकारी- सह-जिला पदाधिकारी भोजपुर, तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक भोजपुर, राज द्वारा प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग आयोजित की गई। यह परीक्षा  01 से 15 फरवरी 2025 तक दो पालियों में संचालित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक एवं द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक कुल 38 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। परीक्षा को स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित करने हेतु स्टेटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को परीक्षा अवधि में परीक्षा केंद्रों के आसपास BNSS की धारा 163(1) परीक्षा प्रारंभ होने से दो घंटे पूर्व एवं परीक्षा समाप्ति के दो घंटे पश्चात तक प्रभावी रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट दुकानों पर विशेष निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। छात्राओं के परीक्षा केंद्रों पर विशेष रूप से महिला वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र पर तैनात सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को प्रवेश द्वार पर ही सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी परीक्षार्थी को अनुचित सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी, महिला वीक्षक, महिला केंद्र अधीक्षक, महिला पदाधिकारी एवं कर्मियों द्वारा ही लिए जाने का निर्देश दिया गया है।परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है, जिसकी दूरभाष संख्या 06182-248702 एवं फैक्स नंबर 233474 है। इस ब्रीफिंग में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट: अनिल कुमार त्रिपाठी