गया।

गुरुवार को गया के सर्किट हाउस में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के तहत नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी पहुंचे जहां प्रेसवार्ता के दौरान नीतीश कुमार और उनके सहयोगियों पर जमकर निशाना साधा।

तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार भ्रष्टाचार के मामले में गंगोत्री हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट में बेरोजगारी और गरीबी में बिहार आगे है, और महंगाई सबसे बड़ी समस्या है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी प्रगति यात्रा वास्तव में डीके बॉस के लिए लाभकारी है। इस प्रगति यात्रा में 2 अरब 25 करोड़ 75 लाख रुपए खर्च हुए हैं, लेकिन यह वास्तव में दुर्गति यात्रा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रिटायर्ड अधिकारियों को लेकर घूम रहे हैं और यह अधिकारियों की लूट की छूट की यात्रा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का चेहरा आगे करके कुछ लोग लूट रहे हैं और इसके पुख्ता सबूत उनके पास हैं। तेजस्वी यादव ने डीके बॉस को असली सीएम बताया और कहा कि डीके बॉस पर पुख्ता साक्ष्य हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार से लोग परेशान हैं और बिहार में दो-दो डिप्टी सीएम हैं, लेकिन एक उपलब्धि कोई बता दे तो बात हो।

उन्होंने अपने 17 महीने के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि छात्रों के चेहरे पर खुशी और उम्मीद होती थी, लेकिन आज गांधी मैदान में लोगों को पीटा जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी, टोला सेवक, शिक्षा मित्र यह सब 17 महीने के कार्यकाल का है, और पहली बार जातीय जनगणना हुई और आरक्षण की सीमा 65+10% बढ़ाई गई।

ब्यूरो रिपोर्ट