फुलवारी शरीफ में लंबित सरकारी कार्यों को लेकर लोगों का सब्र गुरुवार को जवाब दे गया। अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार पर कुरकुरी पंचायत के मुखिया के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर अंचल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि महीनों से दाखिल-खारिज, भूमि विवाद और अन्य राजस्व संबंधी मामलों का निष्पादन नहीं हो रहा है। अंचलाधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने से लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
कुरकुरी पंचायत के मुखिया ने कहा कि वर्तमान अंचलाधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद से राजस्व और विकास से जुड़े अधिकांश मामले लंबित पड़े हैं। पहले जहां लोगों के कार्य समय पर हो जाते थे, वहीं अब फाइलें बिना कार्रवाई के पड़ी हैं। गोनपुरा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य रामप्रवेश सिंह ने आरोप लगाया कि सकरेचा में आयोजित सहयोग शिविर में भी अंचलाधिकारी अनुपस्थित रहीं, जबकि भूमि विवादों के समाधान की जिम्मेदारी उन्हीं की थी। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के बजाय जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई और मुकदमा दर्ज कराने की बात कही जाती है।

प्रदर्शनकारियों ने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन, कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार और आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
वहीं, अंचलाधिकारी प्रियंका कुमारी ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव कार्य में उनकी तथा कई पदाधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगी थी, जिसके कारण कुछ मामलों के निष्पादन में देरी हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि अब सभी लंबित मामलों का जल्द निपटारा कर दिया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार