बिहटा। बिहटा प्रखंड के लई बाजार चौक पर अब पुलिस की त्वरित मौजूदगी सुनिश्चित होगी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम लोगों को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को नवनिर्मित लई ओपी की शुरुआत की गई। आईआईटी अमहारा थाना प्रभारी रौशन कुमार राज ने फीता काटकर ओपी का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन के मौके पर थाना प्रभारी रौशन कुमार राज ने बताया कि नवस्थापित ओपी की जिम्मेदारी अवर निरीक्षक आयुष को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि ओपी के संचालन से पुलिस की प्रतिक्रिया और गश्ती व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी होगी तथा अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से पुलिस के साथ सहयोग बनाए रखने की भी अपील की।
नवनियुक्त ओपी प्रभारी आयुष ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अपराध और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। समारोह में एसआई अमित कुमार, एसआई प्रतीक्षा कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट