
पटना। गर्मी की छुट्टियों को यादगार बनाने और बच्चों में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल खेल संघ, दानापुर की ओर से निशुल्क समर कैंप-2026 का आयोजन किया जा रहा है। जगजीवन स्टेडियम, वीएन शर्मा ग्राउंड और अधिकारी क्लब, दानापुर में चल रहे इस कैंप में बड़ी संख्या में बच्चे हिस्सा लेकर खेलों की बारीकियां सीख रहे हैं।
5 जून से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण शिविर 25 जून तक चलेगा। कैंप में बच्चों को जूडो, कराटे, कबड्डी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, क्रिकेट, फुटबॉल और बास्केटबॉल जैसे विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ी अपनी तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल को बेहतर बनाने में जुटे हैं।
रेलवे कर्मचारियों के बच्चों में इस कैंप को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। छुट्टियों के दौरान जहां बच्चे खेलों के माध्यम से मनोरंजन कर रहे हैं, वहीं उन्हें अनुशासन, आपसी सहयोग और टीम भावना जैसी महत्वपूर्ण सीख भी मिल रही है।

मंडल खेल संघ, दानापुर के इस पहल का उद्देश्य बच्चों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराना और छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाना है। आयोजन को सफल बनाने में मंडल प्रबंधक के मार्गदर्शन के साथ मंडल खेल अधिकारी अतुल और मंडल खेल संघ के सचिव ब्रजेश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान है।
समर कैंप के माध्यम से बच्चों को सिर्फ खेल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि भविष्य में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी मिल रहा है। मंडल खेल संघ का यह प्रयास दानापुर में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट
