
धमदाहा (पूर्णिया)। सीमित संसाधनों के बीच भी अगर सही मार्गदर्शन मिले तो सरकारी विद्यालयों के छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इसका उदाहरण उच्च विद्यालय धमदाहा ने प्रस्तुत किया है। विद्यालय के विज्ञान शिक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2014 से 2026 के बीच यहां के विद्यार्थियों ने विज्ञान के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
संतोष कुमार के मार्गदर्शन में विद्यालय के सात छात्र राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे, जबकि एक आदिवासी छात्र ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए जापान तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस, विज्ञान-गणित एवं पर्यावरण प्रदर्शनी तथा विज्ञान क्विज प्रतियोगिताओं में विद्यालय के विद्यार्थियों ने लगातार बेहतर प्रदर्शन कर धमदाहा का नाम रोशन किया है।
पूर्वी भारत विज्ञान मेला (BITM) कोलकाता में भी विद्यालय के 10 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा राज्य स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिताओं में भी दर्जनों छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार और सम्मान हासिल किए।
विद्यालय परिवार का कहना है कि विज्ञान शिक्षक संतोष कुमार की मेहनत, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों को लगातार प्रोत्साहित करने की सोच ने उच्च विद्यालय धमदाहा को विज्ञान गतिविधियों के क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है। उनकी बदौलत विद्यालय आज भी अपनी गौरवशाली परंपरा को कायम रखे हुए है।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार
